बनारस 20

घाट बनारस-ठाठ बनारस : 03 बनारस और गंगा: ------------------------ शहर बनारस का गंगा के साथ आत्मिक लगाव दिखता हैI एक ही समय में भावुक और कारुणिक I गंगा के घाट शहर के इतिहास,विकास ,धर्म ,कर्मकांड ,मान्यताओं ,आदर्शों और मूल्यों के गवाह हैं I गंगा के तीरे–तीरे आस्था और विश्वास का विस्तार हैं ये जिसकी गवाह शहर की तमाम पीढ़ियां रही हैं I यही बात लोगों में गंगा के साथ अपनत्व और एकात्म का भाव भरती है , जिससे उन्हें लगाव भी है जिस पर उन्हें गर्व भी है I वह उनके भौतिक और भावनात्मक पक्षों को जीवित रखने के लिए अनिवार्य है I धार्मिक-आर्थिक संदर्भों में गंगा पर निर्भरता उसे जीवन का अनिवार्य अंग बनाती है I गंगा से जुड़ा देवत्व, कर्मकांड , त्याग,यज्ञ और मोक्ष का भाव और इनको विस्तार देने वाले मिथक गंगा के आभामंडल को स्वर्णिम आभा देते हैं और उसको वृहद बनाते हैंI चूकिं ये सारी गतिविधियाँ घाट पर सम्पन्न होती हैं इसलिए गंगा के घाट हिन्दू आवाम के लिए बेहद पवित्र स्थान हैं साथ ही सांस्कृतिक विरासत का साधन और माध्यम हैं I उन्हें सही मायने में सुरक्षित-संरक्षित रखना बेहद जरूरी है I प्रकृति ने भी गंगा को बनारस में एक विशिष्ट रूप दिया है- अर्धचन्द्राकार बिल्कुल शिव के जटाजूट में अटके चन्द्रमा की तरह I ऐसा फ्लुविअल प्रोसेस की वजह से हुआ I नदी के बहाव से कोर्सर सेडीमेंट्स पश्चिमी तट पर जम गए I उनका विस्तार उत्तर में राजघाट और दक्षिण में सामने घाट के बीच देखा जा सकता है I ये पूरा हिस्सा प्राकृतिक धरोहर है जो दूर से हिल्लक/पहाड़ी जैसा दिखाई देता है I भूग भूगर्भ शास्त्रीय भाषा में इसे लेवी और ग्रेवल कहते हैं I ऐसी ही एक रिज रामनगर की तरफ़ भी है जिधर राजा बनारस का किला स्थित है I ये विशिष्ट भूगर्भीय संरचना बनारस में गंगा की धरा को बदल देती है और वह उत्तरवाहिनी हो जाती है I ये विशिष्टता सिर्फ़ बनारस में देखने को मिलती है I आमतौर पर गंगा दक्षिण-पूर्व दिशा में बहती है I जिन अन्य स्थानों पर वह उत्तरायण है उनमें हरिद्वार और फतेह्पुर का उल्लेख किया जा सकता है I हरिद्वार के धार्मिक महत्व से हम वाकिफ़ ही हैं I फतेहपुर का उल्लेख पुराणों में मिलता है I यहाँ के भिटौरा और असानी के घाटों का संदर्भ उल्लेखनीय है Iभिटौरा को भृगु ऋषि से जोड़ा गया है I बिहार में भी कुछ स्थानों पर गंगा उत्तरवाहिनी हैं I इनमें बरह,भागलपुर और सुल्तानगंज प्रमुख हैं I #नज़रभरबनारस #Banaras तस्वीर: पीयूष सिंह _____________नीलिमा

Comments

Popular posts from this blog

तीजनबाई और पण्डवानी

🖤 छूटी आदम से जन्नत : लखनऊ रिविजिटेड - 01

विश्व की प्राचीन सभ्यताएं: नीलिमा पाण्डेय