भीमबेटका 08
🔹08
किसी ऐतिहासिक पुरास्थल पर कदम रखने के साथ ही 'क्या? क्यों? कैसे? किस लिए?' जैसे सवालों से आप लगातार जूझते हैं। तार्किक जवाब की तलाश में यह सवाल लगातार एक दूसरे से टकराते हैं। कम ही होता है कि यह टकराहट मधुर संगीत पैदा करें और आप उसकी लयबद्धता में डूब जाएं। ज्यादातर सवालों का यह आर्केस्ट्रा गड़बड़ा जाता है और बार-बार पहले सुर से साधना पड़ता है।
भीमबेटका में इधर-उधर भटकते हुए "क्या?" और "क्यों?" के दीगर दरख्ती सवालों के बीच कुछ खरपतवार नुमा छोटे सवाल भी सर उठा रहे थे। जैसे- चित्रकारी के रंग कौन से थे? कहां से आए? कैसे बनाए गए? कौन सा रंग आदिमानव को सबसे अधिक पसंद था? या फिर किसी खास रंग का इस्तेमाल सबसे अधिक क्यों किया गया है। इसके साथ ही चित्रांकन के समय के हिसाब किताब में भी हम उलझते हैं। इतिहास में तिथियां आम भी हैं और खास भी। आम इसलिए कि सारे सन्दर्भ समय (तिथि) के इर्द-गिर्द ही घूमते हैं और खास इसलिए कि हमारे और समय विशेष के बीच की दूरी अपनी विशिष्टताओं की वजह से हमें चमत्कृत करती है।
भीमबेटका से जो सबसे पुरानी चित्रकारी हमें मिली है वह 10,000 ईसा पूर्व की है। हम ठहर कर फौरन समय का हिसाब-किताब उंगलियों पर लगाते हैं और समय की 12,000 साल की इस दूरी से चमत्कृत हो उठते हैं। वाह! और आह! की प्रतिध्वनियां एक साथ गूँजती हैं। वाह!!! अपने पूर्वजों की हुनरमंदी पर और आह!!! धरोहर को ढंग से बचा न पाने की अपनी नालायकी पर।
भीमबेटका की खूबसूरत चित्रकारी में सबसे अधिक लाल रंग दिखता है। चित्रों को खींचने के लिए चट्टानों की चिकनी सतहों को प्राथमिकता दी गई है। कुछ चित्र खुरदुरी सतह से भी मिले हैं। रंग स्थानीय रूप से उपलब्ध खनिज से बनाए गए हैं। इस्तेमाल किये गए लाल रंग को तकनीकी भाषा में हीमेटाइट रेड (Haematite red) कहा गया है। आयरन आक्साइड से बने इस रंग के विविध शेड्स गुफा चित्रकला में मिलते हैं। यह रंग मध्य पाषाण काल की चित्रकारी का अनिवार्य घटक है और लगभग सभी पुरस्थलों से पाया गया है। लाल के अलावा काला,पीला,सफ़ेद और हरा रंग भी इस्तेमाल में लाया गया है।इनको मैंगनीज आक्साइड,केओलिन,लाइम स्टोन को पीसकर तैयार किया गया है।कभी-कभी नोड्यूलस को पत्थर पर घिस कर उसमें गोंद, रेजिन,एनिमल फैट और विभिन्न प्रकार के वेजिटेटिव जूस मिलाकर भी रंग बनाये जाते थे।
कूची बनाने के लिए जानवरों के बाल,परिंदों के पंख,साही के काँटे और क्विल्स का इस्तेमाल होता था।
तस्वीर: तस्वीरें हमारे कैमरे से हैं।
#भीमबेटका
©नीलिमा
©नीलिमा




Comments
Post a Comment